दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना नंदिनी नगर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 49 पौवा अंग्रेजी शराब एवं बिक्री की नगदी सहित कुल 7,080 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम अरसनारा में एक व्यक्ति पान ठेले के पीछे अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से अशोक वर्मा (50 वर्ष), पिता निलकंठ वर्मा, निवासी ग्राम अरसनारा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 49 पौवा अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 5,880 रुपये आंकी गई है, तथा शराब बिक्री से प्राप्त 1,200 रुपये नगद बरामद किए गए। कुल जब्ती की कीमत 7,080 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।






