अछोटी में अवैध शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार, 31 पौवा देशी मसाला शराब जब्त

अंडा। थाना अण्डा पुलिस ने ग्राम अछोटी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 3100 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम अछोटी के राजा तालाब के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में अवैध शराब रखकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना अण्डा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पूना राम देशमुख (35 वर्ष) पिता स्व. नोहर सिंह देशमुख, निवासी भाठापारा ग्राम अछोटी थाना अण्डा जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 31 पौवा देशी मसाला शराब (180 एमएल प्रत्येक) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अण्डा उप निरीक्षक पारस ठाकुर के नेतृत्व में सउनि सुन्दर लाल नेताम, आरक्षक रूपेश कोमा, अजय चंद्राकर एवं तेजेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।