सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर ठगी, गाजियाबाद से आरोपी गिरफ्तार, रानीतराई पुलिस की कार्रवाई, उत्तर प्रदेश से पकड़कर आरोपी को भेजा जेल

पाटन। सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने के मामले में रानीतराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत थाना रानीतराई पहुंचने के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को कुछ मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली, जिनके धारकों की लोकेशन दूसरे राज्यों में पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज से अनुमति प्राप्त कर थाना रानीतराई से पुलिस टीम गठित कर दूसरे राज्य के लिए रवाना की गई।

पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर थाना इंदिरापुरम, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश क्षेत्र में दबिश देकर विश्वजीत मौर्य (29 वर्ष), पिता राजनारायण मौर्य को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 6 अक्टूबर 2026 को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य संदिग्ध मोबाइल धारकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के लालच में आकर ठगी का शिकार न बनें। साथ ही अपना बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल सिम या अन्य वित्तीय साधन किसी दूसरे व्यक्ति को किराए पर अथवा उपयोग के लिए न दें, क्योंकि इनके दुरुपयोग की स्थिति में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की धोखाधड़ी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।