अण्डा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंजगिरी के युवा क्षितिज साहू ने मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) द्वारा कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में क्षितिज साहू ने दो रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह प्रतियोगिता 12 जून से 15 जून तक आयोजित की गई थी।

प्रतियोगिता में देशभर के कई राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षितिज साहू ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सीनियर पुरुष श्रेणी में भाग लेते हुए 1 लैप रोड स्केटिंग और 1000 मीटर रोड स्केटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किए।
क्षितिज उतई क्षेत्र के भाजपा नेता रोहित साहू के भांजे हैं। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया है। उनका कहना है कि छोटे गांव से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर इस तरह का प्रदर्शन करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
परिजनों ने बताया कि क्षितिज बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित रहे हैं और लगातार मेहनत व अभ्यास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से यह साबित होता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।
गांव के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने क्षितिज साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में क्षितिज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।






