कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनायी गई कार्ययोजना, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में की जायेगी जांच

आशीष दास

कोण्डागांव । कोण्डागांव के आस-पास के जिलों में बढ़ते कोरोना के प्रकरणों को देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा प्रकरणों की संख्या को बढ़ने से रोकने के लिए इनकी पहचान हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तीव्र गति से करने के लिए निर्देशित किया है। इसके लिए उन्हें प्रतिदिन कोरोना की जांच करने को भी कहा गया है। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी स्वास्थ्य केद्रों एवं जिला अस्पताल में निःशुल्क कोरोना जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार को विकासखण्ड कोण्डागांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में जांच कराने आये एलआईसी के एक स्टॉफ की रिपोर्ट धनात्मक पायी गई थी। जिसके पश्चात् तत्काल एलआईसी कार्यालय में प्रत्येक कर्मचारी की जांच की गई। जीवन बीमा शाखा के शेष सभी 09 कर्मचारियों की कोविड टेस्ट रिपोर्ट ऋणात्मक पायी गई।

उल्लेखनीय है कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रतिदिन 700 से भी अधिक कोविड-19 जांच हेतु सैम्पलों को एकत्र कर जांच की जा रही है। इस हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 टीआर कुंवर के निर्देशानुसार प्रतिदिन 1000 से भी अधिक टेस्ट करने के निर्देश दिये गये हैं। जिले में वर्तमान में कोरोना जांच हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। जिले में रैपिड एंटीजन के 6935 कीट, आरटीपीसीआर (वीटीएम) के 780 कीट, 6070 एन 95 मास्क, 2729 पीपीई कीट वर्तमान में उपलब्ध हैं। इस हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में हुई स्वास्थ्य विभाग की विभागीय बैठक में सभी व्यवसायिक संस्थानों, फल विक्रेताओं, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट इत्यादि जगहों तथा जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों का टीम बनाकर सैम्पलिंग किये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार की गई ताकि कोविड-19 संक्रमण को जिला स्तर पर फैलने से रोका जा सके। इस बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डोमेन धु्रव एवं डीपीएम सोनल धु्रवए जिला महामारी विशेषज्ञ के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि मास्क अवश्य रूप से लगाये एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा कोविड-19 से संबंधित कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र जाकर अपनी निःशुल्क जांच अवश्य करायें।