अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन सख्त, हाईवा वाहन जप्त, एसडीएम पाटन ने की कार्रवाई, कलेक्टर के आदेश जांच जारी


पाटन।खनिज विभाग के सचिव के सख्त निर्देशों के बाद दुर्ग जिला प्रशासन अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई को लेकर सक्रिय हो गया है। कलेक्टर दुर्ग के निर्देश पर शनिवार को पाटन क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव ने शनिवार 02 मई को ग्राम पंदर, तहसील पाटन में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक हाईवा वाहन को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन में रेत का अवैध परिवहन पाए जाने पर उसे जप्त कर थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को खनिज विभाग के सचिव द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पाटन, दुर्ग एवं धमधा के एसडीएम को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।