पाटन। नकटी में प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र पाटन में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड एक में सड़क किनारे गुमटी लगाकर व्यापार कर रहे दुकानदारों को राजस्व विभाग ने नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस की अवधि 3 जुलाई को समाप्त हो चुकी है, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

नोटिस मिलने के बाद कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान स्वयं निकालने लगे हैं। उन्हें आशंका है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई कर सकता है।
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज मोनू साहू प्रभावित व्यापारियों से मिलने उनकी दुकानों पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और इस संबंध में पाटन एसडीएम से चर्चा कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सविता साहू ने राजस्व विभाग में आवेदन प्रस्तुत कर बताया है कि अमलेश्वर स्थित उनकी निजी भूमि पर निर्माण कार्य कराया जाना है, लेकिन भूमि के सामने बने कथित अवैध कब्जे और गुमटीनुमा दुकानें बाधा बन रही हैं। आवेदन पर तहसील कार्यालय में प्रकरण की सुनवाई के बाद संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। इसी के तहत दुकानों पर नोटिस भी चस्पा किए गए हैं।

अब नोटिस की समय-सीमा समाप्त होने के बाद सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो राजस्व विभाग द्वारा बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।






