अभनपुर कांग्रेस ट्रेनिंग कैंप के बाद रायपुर के कॉफी शॉप पहुंचे राहुल गांधी,  नेताओं संग स्नैक्स का लिया आनंद

रायपुर: छत्तीसगढ़ दौरे पर राहुल गांधी रविवार को अभनपुर पहुंचे. यहां पर काग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए 10 दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में राहुल गांधी ने हिस्सा लिया. राज्य कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से चर्चा की. यहां उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और अन्य लोगों के साथ बातचीत करते हुए लगभग तीन घंटे बिताए. उसके बाद शिविर से वापसी के दौरान राहुल गांधी एयरपोर्ट जाते वक्त एक कॉफी शॉप में गए. यहां उन्होंने आधा घंटा बिताया।

राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के लिए 20 से 29 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर जुड़ाव को गहरा करना है. राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को लगभग डेढ़ घंटे तक संबोधित किया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं. उन्होंने जंगल, ज़मीन और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए काम करने वाले संगठनों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की।

दीपक बैज ने राहुल गांधी को दी जानकारी

दौरे के दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राहुल गांधी को पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक पहुंच और राज्य भर में जन-मुद्दों पर किए गए आंदोलनों के बारे में जानकारी दी. राहुल गांधी सभी मुद्दों पर जानकारी लेते दिखाई दिए. इसके बाद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा चलाए गए विभिन्न जन-आंदोलनों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया. इससे पहले शिविर स्थल पर पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने एक पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास का संदेश दिया.

कांग्रेस के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेने के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए. दिल्ली के लिए रवानगी के दौरान उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट के पास सड़क किनारे एक दुकान का दौरा किया, जहां उन्होंने पार्टी के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कॉफी और नाश्ते का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने खुलकर बातचीत की, लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और स्थानीय लोगों से गर्मजोशी से मिले.

वे द स्नैक बार दुकान में गए. यहां बिना किसी पूर्व योजना के रुके और कॉफी का आनंद उठाया. राहुल गांधी ने कॉफी और सैंडविच का ऑर्डर दिया और आउटलेट पर लगभग आधा घंटा बिताया. इस दौरान राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और वरिष्ठ नेता चरण दास महंत शामिल मौजूद रहे. सभी नेताओं ने राहुल गांधी के साथ चाय, कॉफी और स्नैक्स लेते हुए दिखे.