पाटन। अवैध महुआ शराब पर सख्ती के बाद अब रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम घोरारी में देशी शराब की अवैध बिक्री का खेल शुरू हो गया है। गांव में चार-पांच लोगों द्वारा खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक शराब बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां सरकारी शराब दुकान रात 10 बजे बंद हो जाती है, वहीं घोरारी में रात 1 बजे तक अवैध रूप से देशी शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
रात के समय शराबियों द्वारा गाली-गलौच और हो-हल्ला किए जाने से गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा।
बताया जा रहा है कि जिस युवक द्वारा अवैध शराब बेची जा रही है, उसके खिलाफ रानीतराई पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। वहीं घोरारी में कच्ची महुआ शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग भी लगातार कार्रवाई कर रहा है।
इसके बावजूद अब अवैध देशी शराब की बिक्री से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर गांव में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।







