पाटन। पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक (आरआई) संघ द्वारा ऑनलाइन गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करने से इंकार किए जाने के बाद अब कृषि विभाग के मैदानी अमले में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं। शासन द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए जाने के बाद संघ ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए मंत्रालय में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों पर गिरदावरी का अतिरिक्त कार्य सौंपे जाने से उनके नियमित विभागीय कार्य प्रभावित होंगे। संघ ने शासन से गिरदावरी कार्य को लेकर स्थिति स्पष्ट करने तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों को निर्धारित करने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने कृषि विभाग के मैदानी अमले की व्यावहारिक कठिनाइयों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है। अब इस मामले में शासन स्तर पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर कृषि विभाग के अधिकारियों की नजर बनी हुई है।







