अहिवारा। नगर पालिका परिषद अहिवारा के वार्ड क्रमांक-6, बस स्टैंड निवासी एक महिला ने अपने मकान और दुकान के सामने से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपा है। महिला का आरोप है कि कई बार मौखिक रूप से कहने के बावजूद संबंधित लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिससे नए निर्माण कार्य में परेशानी हो रही है।

आवेदन के अनुसार, वार्ड-6 निवासी परमजीत हिरवानी ने बताया है कि उनके आवास एवं दुकान के सामने कुछ लोगों द्वारा ठेला रखकर अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों से कई बार इसे हटाने का आग्रह किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

महिला ने आवेदन में उल्लेख किया है कि उनका वर्तमान मकान और दुकान करीब 40 वर्ष पुराने एवं जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में वे नए भवन का निर्माण कराना चाहती हैं, लेकिन सामने अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

आवेदिका ने नगर पालिका प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने और उन्हें निर्माण कार्य के लिए मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन के साथ उन्होंने टैक्स पर्ची, न्यायालय के आदेश, बिजली बिल तथा नगर पालिका के आदेश की प्रतियां भी संलग्न की हैं।
नगर पालिका परिषद अहिवारा में आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना है।






