अहिवारा। गांधी मेमोरियल स्कूल अहिवारा के छात्र विपुल यादव ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि अपने परिवार का भी नाम रोशन किया है। विपुल की इस शानदार सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विपुल यादव शुरू से ही एक मेहनती और लगनशील छात्र रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके निरंतर प्रयास और शिक्षकों का मार्गदर्शन अहम रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने विपुल की सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विपुल के पिता ईश्वरी लाल यादव ने अपने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि विपुल ने हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता दी और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया।
क्षेत्र के लोगों और स्कूल के शिक्षकों ने भी विपुल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।







