बलराम यादव
पाटन। जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत शामिल सभी 108 ग्राम पंचायत अब टैक्स वसूली के लिए डिजिटल रूप से सक्षम हो गए हैं। ग्रामीण पंचायत में जाकर डिजिटल रूप से अपना पेमेंट यूपीआई स्कैन कर कर सकते हैं। ग्रामीणों के द्वारा डिजिटल की गई पेमेंट की राशि सीधे पंचायत के खाते में जाएगी । पिछले दिनों जनपद पंचायत पाटन में सभी ग्राम पंचायत के सचिवों को डिजिटल रूप से टैक्स जमा लेने के निर्देश भी दिए गए है।
टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस जमाने में धीरे-धीरे ग्रामीण क्षेत्र भी टेक्नोलॉजी से लैस होने लगे हैं । ग्रामीण क्षेत्र में लगभग ज्यादातर परिवारों में फोन के माध्यम से बैंकिंग का कार्य भी लगभग किया जा रहा है। वहीं अब जनपद पंचायत पाटन के द्वारा अपने अधीनस्थ सभी 108 ग्राम पंचायत में यूपीआई स्कैनर के माध्यम से टैक्स जमा लेने का निर्देश जारी किया गया है। ग्राम पंचायत के सचिवों को यूपीआई स्कैनर आईडी भी उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं अब ग्रामीण टैक्स आसानी से जमा कर सकते हैं साथ ही साथ सचिवों को भी रसीद काटने के भी झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत में लिए जाने वाले टैक्स जैसे बिजली कर ,जल कर सहित विभिन्न प्रकार के टैक्स जो लिए जाते हैं वह डिजिटल तरीके से लिए जाएंगे । जनपद पंचायत पाटन के सीईओ डिप्टी कलेक्टर मुकेश कोठारी ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत में यह सुविधा प्रदान कर दी गई है। वहीं पंचायत सचिवों को भी निर्देश दिए गए हैं कि ज्यादा से ज्यादा पंचायत का जो टैक्स है वह डिजिटल तरीके से ही लेने का प्रयास करें।। इससे ग्रामीणों को भी पेमेंट करने में आसानी होगी।। उन्होंने बताया कि डिजिटल तरीके से किया गया पेमेंट सीधे ग्राम पंचायत के खाते में जाएगी।

पतोरा पंचायत में सबसे पहले शुरू
पाटन विकासखंड के ग्राम पंचायत पतोरा में पहले से ही इस तकनीक का इस्तेमाल कर टैक्स वसूली का कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत के सचिव महेंद्र साहू ने बताया कि 15 अगस्त 2023 से ग्राम पंचायत पतोरा में डिजिटल रूप से पेमेंट टैक्स वसूली का कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच अंजिता गोपेश साहू ने बताया कि धीरे-धीरे आधुनिक तकनीक का प्रयोग करके काम आसान हो रहा है। ग्रामीण अब डिजिटल रूप से विभिन्न टैक्स है उसको जमा करने ग्राम पंचायत में आ रहे हैं।







