पाटन। छत्तीसगढ़ के हालिया बजट पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा अमलेश्वर मंडल के महामंत्री एवं सांकरा के सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि यह बजट राज्य को नई दिशा और नई गति देने वाला है।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकास का विजन है। इसमें व्यापारी, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। व्यापारियों के लिए कर व्यवस्था में सरलता और व्यवसाय को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधान स्वागतयोग्य हैं। किसानों के लिए समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधाओं और आधुनिक कृषि संसाधनों पर विशेष फोकस राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
रवि सिंगौर ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की योजनाएं उन्हें आत्मनिर्भर बनाएंगी। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्राथमिकता देकर सरकार ने समावेशी विकास का संदेश दिया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।







