पाटन/दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में थाना परिसर के भीतर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित हेमंत साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 8 जून 2026 को दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच अमलेश्वर थाना परिसर में उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, हेमंत साहू अपने चाचा मोरध्वज साहू की जमानत संबंधी कार्य के लिए थाना पहुंचे थे। इसी दौरान अनिता साहू, उनके पति उमेश साहू तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बता दे कि उमेश साहू नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के पूर्व उपाअध्यक्ष भी रहे है। आवेदक ने बताया कि घटना को थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों एवं अन्य लोगों ने भी देखा। मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना परिसर में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।







