धान खरीदी में गड़बड़ी और घोटाले के आरोप, निकुम में 20 जुलाई को किसानों का एक दिवसीय धरना

दुर्ग। जिले के सेवा सहकारी समिति निकुम में धान खरीदी को लेकर लगातार 3 वर्षों से चल रही अनियमितताओं से आक्रोशित किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने 20 जुलाई 2026 को समिति परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन की घोषणा की है।

समस्त कृषकों ने गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग को पत्र लिखकर इसकी सूचना दी। पत्र में आरोप लगाया गया कि समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष एवं कर्मचारियों द्वारा वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में धान खरीदी के दौरान किसानों के साथ लगातार धोखाधड़ी की जा रही है। किसानों का कहना है कि तौल में कमी, भूसा के नाम पर कटौती और धान घोटाले जैसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

किसानों ने पत्र में यह भी लिखा कि वर्तमान वर्ष में धान की कमी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन क्षेत्रीय विधायक ललित चन्द्रकार के हस्तक्षेप के कारण प्राधिकृत अध्यक्ष भैया लाल के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही है। इससे किसानों में आक्रोश है।

पूर्व जनपद सदस्य रुपेश देशमुख का कहना है कि अध्यक्ष के मनमानी रवैये के कारण उन्हें मजबूरन धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। धरना 20 जुलाई को सेवा सहकारी समिति निकुम में किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धरना स्थल पर कोई वरिष्ठ अधिकारी आकर उनका ज्ञापन प्राप्त करे।

पत्र की प्रतिलिपि जिला सहकारी मर्यादित बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, थाना प्रभारी अण्डा और शाखा प्रबंधक जि.स.के. बैंक अण्डा को भी भेजी गई है।
ज्ञापन सौंपने महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व जनपद सदस्य रुपेश देशमुख, नंदकुमार साहू, राजकुमार साहू , उत्तम धनकर पिताम्बर यादव,रोमनाथ निर्मलकर पहूचे