102 सेवा बंद होने की भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, पाटन बीएमओ को भी सौंपा आवेदन; जांच कर कार्रवाई की मांग

पाटन। पाटन क्षेत्र में 102 एम्बुलेंस सेवा बंद होने की भ्रामक जानकारी फैलाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवक कमलेश कुमार ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही पाटन के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को भी आवेदन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पाटन में मरीजों और उनके परिजनों के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि 102 सेवा बंद हो गई है और मरीजों को प्राइवेट एम्बुलेंस से अस्पताल जाना पड़ेगा। आरोप है कि इस तरह की जानकारी देकर मरीजों को निजी एम्बुलेंस लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

कमलेश कुमार ने शिकायत में कहा है कि 102 सेवा से संबंधित लोग ही मरीजों को ऐसी भ्रामक जानकारी दे रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने पाटन बीएमओ से भी चर्चा की है। शिकायतकर्ता के अनुसार बीएमओ ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

शिकायतकर्ता ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि 102 सेवा बंद होने की झूठी अथवा भ्रामक जानकारी फैलाने वालों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।