अमलेश्वर: जर्जर पानी टंकी बनी खतरे का सबब, कभी भी ढहने की आशंका, प्रगति विहार में वर्षों पुरानी टंकी की हालत जर्जर, रहवासियों ने डिस्मेंटल कर नई टंकी बनाने की उठाई मांग

पाटन। नगर पालिका अमलेश्वर क्षेत्र के प्रगति विहार में स्थित पानी टंकी इन दिनों हादसे को न्योता देती नजर आ रही है। जर्जर हालत में पहुंच चुकी इस पानी टंकी की स्थिति को देखकर आसपास के रहवासियों में चिंता बनी हुई है। टंकी के ऊपर और आसपास झाड़ियां तक उग आई हैं, जिससे इसकी देखरेख पर भी सवाल उठ रहे हैं।

रहवासियों के अनुसार पानी टंकी काफी समय से जर्जर अवस्था में है और इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। टंकी के आसपास घनी आबादी वाला रहवासी क्षेत्र है। वहीं बच्चे भी आसपास खेलते रहते हैं। ऐसे में यदि जर्जर टंकी का कोई हिस्सा अचानक गिरता है या पूरी संरचना ढहती है तो बड़ा हादसा हो सकता है।

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अमलेश्वर से मांग की है कि पानी टंकी का तकनीकी निरीक्षण कराकर उसकी सुरक्षा स्थिति की जांच कराई जाए। यदि टंकी उपयोग के लायक नहीं है तो उसे तत्काल डिस्मेंटल कर वहां नई पानी टंकी का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।

रहवासियों का कहना है कि प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते जर्जर टंकी को लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।