अमलेश्वर: सरकारी वाहन की चाबी छीनने और जान से मारने की धमकी का आरोप, पूरी रात सड़क पर खड़ी रही  वाहन, कार्रवाई की मांग, बिजली सुधारने का गया था कर्मचारियों की टीम

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी वाहन की चाबी छीनने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अमलेश्वर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार विद्युत विभाग अमलेश्वर डीसी में पदस्थ लाइनमैन ईश्वर साहू, एफओसी कर्मचारी कुलेश्वर साहू और वाहन चालक प्रशांत बांधे 17 सितंबर की रात करीब 8 से 9 बजे अमलेश्वर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में शासकीय वाहन क्रमांक CG 07 CT 6470 से लाइन फॉल्ट सुधारने पहुंचे थे। इसी दौरान शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोपाल साहू वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए वाहन की चाबी छीन ली तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वाहन की चाबी छीन लिए जाने के कारण वाहन पूरी रात सड़क पर खड़ा रहा। इसके चलते अमलेश्वर, कोपेडी, खुड़मुड़ा, घुंघरवा, जामराव, बोथली और मंगरघटा सहित आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।  कर्मचारियों ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई  की मांग की है।