अमलेश्वर: रातोंरात सड़क संधारण, जनप्रतिनिधियों ने जताया विरोध, घटिया निर्माण का आरोप, पहले से धंस रही सड़क पर महज दो-तीन इंच कंक्रीट डालने का दावा

पाटन। अमलेश्वर थाना के सामने सड़क का रात के समय संधारण किए जाने को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया निर्माण का आरोप लगाया और सड़क संधारण के तरीके पर नाराजगी व्यक्त की।

बताया जा रहा है कि पूर्व में सड़क की खुदाई की गई थी, जिसके बाद अब नगर पालिक निगम द्वारा ठेकेदार के माध्यम से सड़क का संधारण कराया जा रहा है। इसी बीच रात में निर्माण कार्य किए जाने की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और काम का विरोध किया।

क्षेत्र में चर्चा है कि आगामी 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का दौरा संभावित है। इसी को लेकर सड़क का रातोंरात संधारण किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि मुख्यमंत्री दौरे को लेकर अंतिम कार्यक्रम की पुष्टि प्रशासन की ओर से होना बाकी है।

नगर पालिका अमलेश्वर के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क पहले से ही कई जगह धंस रही है और उसी के ऊपर कंक्रीट मैटेरियल डालकर संधारण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर महज दो से तीन इंच की परत डाली जा रही है, जिससे निर्माण की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल मौके पर जनप्रतिनिधियों द्वारा निर्माण कार्य का विरोध जारी है। निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य हो रहा है या नहीं, इसे लेकर निगरानी और जांच की मांग की जा रही है।