अमलेश्वर: सड़कों पर घुमंतू मवेशियों का जमघट, हादसों का बढ़ा खतरा, राहगीर परेशान, रात में बढ़ जाती है परेशानी; पालिका प्रशासन से उचित व्यवस्थापन की मांग

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर इन दिनों घुमंतू मवेशियों का जमघट राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क के बीचों-बीच मवेशियों के बैठे रहने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या रास्ता बदलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अमलेश्वर-मोतीपुर मुख्य मार्ग, भारत माता चौक से खूड़मुड़ा मार्ग, महुदा मार्ग तथा पुलिस थाना चौक से भोथली-मगरघटा मार्ग पर आए दिन मवेशियों को सड़क पर बैठे देखा जा सकता है। खासकर रात्रि के समय कम रोशनी के कारण सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

वहीं नगर की कई कॉलोनियों के अंदरूनी मार्गों पर भी मवेशियों के डेरा जमाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि घुमंतू मवेशियों की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क पर घूमने और बैठने वाले मवेशियों का उचित व्यवस्थापन कराने तथा रात्रि में विशेष निगरानी अभियान चलाने की मांग की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और राहगीरों को राहत मिल सके।