राकेश कुमार
कुम्हारी। भारतीय बौद्ध महासभा कुम्हारी के तत्वावधान में संविधान शिल्पी भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की जयंती पंचशील बुद्ध विहार शिव नगर कुम्हारी में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बुद्ध विहार को फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था।

प्रातः सामाजिक कार्यकर्ता मुकुन्द राठोड के करकमलों से पंचशील झंडा फहराया गया। प्रतिमा कोचे के नेतृत्व में बौद्ध उपासक-उपासिकाओं द्वारा सामूहिक पूजा वंदना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश्वर सोनकर, अध्यक्ष नगर पालिका कुम्हारी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा। उन्होंने बाबा साहब की जयंती पर बधाई देते हुए कहा -“हम बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के बताए गए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज की स्थापना कर सकते हैं।” भारतीय बौद्ध महासभा कुम्हारी की ओर से मुख्य अतिथि राजेश्वर सोनकर, विशेष अतिथि प्रमोद राजपूत, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुम्हारी, विशिष्ट अतिथि थनेश पटेल पार्षद, मुकुंद राठोड, सामाजिक कार्यकर्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। बौद्ध समाज की महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ और सुई धागा की प्रतियोगिता हुई, जिसमें वंदना पाटिल, प्रतिमा कोचे, आंचल वाहने, सावित्रा बाई विजेता रहीं। संध्या बाबा साहब के सम्मान में रैली का आयोजन किया गया। बाबा साहब के गीतों पर डीजे संगीत के साथ नगर के मुख्य मार्गों से रैली निकाली गई, जो बुद्ध विहार में पहुंचकर विसर्जित हुई। बौद्ध समाज के सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिसमें मुख्य रूप से प्रतिमा कोचे, दुर्गा वाहने, रेखा बंसोड़, सुरेखा मेश्राम आदि शामिल हैं।
रात्रि मैत्री भोज का आयोजन रखा गया, जिसमें उपासक उपासिकाओं के साथ जन समुदाय ने सात्विक भोजन ग्रहण किया।कार्यक्रम का संचालन संरक्षक किशन बोरकर ने व आभार प्रदर्शन रेखा बंसोड़ ने किया। कार्यक्रम में पंचशील बुद्ध विहार के कार्यकारिणी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में अंबेडकरवादी कार्यकर्ता उपस्थित थे।