केशव साहू
राजनांदगांव-लाल बहादुर नगर- क्षेत्र की लोकप्रिय समाजसेवी, पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं कलार समाज की प्रथम महिला प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना को आज भी समाज बड़े सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करता है। अपने जीवनकाल में उन्होंने गरीबों, जरूरतमंदों एवं पीड़ित लोगों की सेवा को सर्वोपरि रखा। लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहने वाली स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना ने समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके कारण आज भी वे लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखती हैं।
2 मई को लाल बहादुर नगर में आयोजित भवन लोकार्पण कार्यक्रम एवं माता बहादुरिन कलारिन जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक दलेश्वर साहू ने स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके नाम से एंबुलेंस सेवा प्रारंभ करने की बड़ी घोषणा की। विधायक ने कहा कि स्वर्गीय रूपाबाई हमेशा जरूरतमंदों को अस्पताल पहुंचाने, उनका इलाज करवाने तथा गरीब परिवारों की सहायता करने जैसे मानवीय कार्यों में आगे रहती थीं। उनके इसी सेवा भाव को सम्मान देने के लिए उनके नाम से एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी।
विधायक दलेश्वर साहू की इस घोषणा के बाद क्षेत्र और समाज में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि एंबुलेंस सेवा शुरू होने से ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती लता सिन्हा, जिला अध्यक्ष शिव डडसेना, मंडलेश्वर उत्तम सिन्हा सहित समाज एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विधायक द्वारा दी गई इस सौगात के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना की स्मृति को हमेशा जीवित रखेगी और समाज सेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।







