पाटन। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमेरी के युवा सरपंच भूषण भारद्वाज समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाते नजर आ रहे हैं। गांव में किसी भी बेटी की शादी होने पर सरपंच द्वारा ₹5000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
बताया जा रहा है कि सरपंच ने जब पंचायत चुनाव लड़ा था, तब उन्होंने अपने घोषणा पत्र में इस योजना को शामिल किया था। अब वे अपने वादे को निभाते हुए लगातार इस पहल को जमीन पर उतार रहे हैं।
इसके अलावा, गांव में श्रद्धांजलि योजना भी चलाई जा रही है। इस योजना के तहत यदि किसी परिवार में किसी सदस्य का निधन हो जाता है, तो उस परिवार को ₹2000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे दुख की घड़ी में कुछ सहयोग मिल सके।
ग्रामवासियों ने सरपंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।







