मिडिल स्कूल दरबार मोखली में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी,बच्चों ने बनाई आकर्षक रंगोली

पाटन।शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दरबार मोखली के प्रांगण में आज छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के द्वारा आंवला नवमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति गहरा लगाव देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने आंवला वृक्ष के चारों ओर आकर्षक और विभिन्न प्रकार की रंगोलियों से सुंदर सजावट की। इसके पश्चात शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विधि-विधान से आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

पूजा संपन्न होने के बाद विद्यालय के शिक्षकों के द्वारा सभी बच्चों को आंवला वृक्ष की छाया के नीचे बैठाकर पारंपरिक व्यंजन खीर, पूरी आदि का प्रसाद वितरित किया गया। बच्चों ने सामूहिक भोज का भरपूर आनंद लिया। विद्यालय परिवार की इस पहल की ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी सराहना की।