बलराम यादव
पाटन।/ नगर पालिका परिषद अमलेश्वर द्वारा निजी जमीन पर हो रहे अवैध प्लाटिंग को जेसीबी वाहन के माध्यम से ध्वस्त किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने बिना पुख्ता जानकारी के दलालों के जरिए प्लाट खरीदने से नागरिकों को बचने की सलाह दी है।
नगर पालिका अमलेश्वर क्षेत्र की सीमा के अंदर वार्ड क्र. 07 एवं 08 में खसरा क्रमांक 426/1, 426/2, 425/2 एवं 768 में भूमि स्वामी द्वारा अवैध प्लाटिंग की कार्यवाही की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर कार्यालय नगर पालिका परिषद अमलेश्वर द्वारा संबंधित भूमि स्वामी को क्रमशः 03 बार नोटिस जारी अवैध प्लाटिंग रोकने की चेतावनी दी गई। लेकिन भूमि स्वामी नगर पालिका की चेतावनी को दरकिनार कर अवैध प्लाटिंग में लगा रहा। आखिरकार जिला प्रशासन के मार्ग दर्शन एवं एसडीएम पाटन के निर्देशानुसार दिनांक 27 जून 2025 को नगर पालिका अमले ने पूरे संसाधन के साथ पहुंचकर अवैध प्लाटिंग के लिए मुरुम डालकर बनाए गए मार्ग संरचना को जेसीबी के माध्यम से समतल कर दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति गुप्ता एवं उनकी टीम, राजस्व विभाग तथा पुलिस के अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति गुप्ता ने बताया कि बिना अनुमति के कोई भी अवैध रूप से भूखंड बेचने का काम ना करें। भूखंड खरीदने से पहले नागरिक नगर पालिका कार्यालय से भूखंड की वैधता की जानकारी प्राप्त कर लें। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्यवाही की जाएगी।
नगर पालिका अमलेश्वर अध्यक्ष दयानंद सोनकर एवं समस्त पार्षदों द्वारा अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भविष्य में निरंतर कार्यवाही किये जाने हेतु अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि अवैध प्लाटिंग क्षेत्र में दलालों के प्रलोभन में आकर प्लाट खरीदी बिक्री की कार्यवाही न करें।

- June 27, 2025
अवैध प्लाटिंग पर चला अमलेश्वर नगर पालिका का बुलडोजर, बिना पुख्ता जानकारी के प्लाट नहीं खरीदने की दी गई नागरिकों को सलाह
- by Ruchi Verma