पाटन में अष्टमी पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के गांवों में पहुंची


पाटन।
चैत नवरात्रि के पावन अष्टमी के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर जनपद पंचायत पाटन के अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों—बटँग, नारधी, अमलीडीह, खम्हरिया और कुरूदडीह सहित अन्य गांवों में आयोजित जंवारा कार्यक्रमों में शामिल होकर माता रानी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।
कुरूदडीह गांव में उन्होंने नौ कन्याओं को भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसे उन्होंने अपने जीवन का अत्यंत श्रद्धापूर्ण और सौभाग्यशाली क्षण बताया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
शीतला माता मंदिर प्रांगण में ज्योति जंवारा के दर्शन कर उन्होंने क्षेत्र के सभी परिवारों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा की कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े—यही उनकी कामना है। पूरे क्षेत्र में नवरात्रि के इस पावन पर्व पर भक्ति, आस्था और उल्लास का वातावरण बना रहा।