पाटन। ग्राम झीट के सरपंच एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र (राजू) साहू ने अपने जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाते हुए विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश दिया।

इस दौरान रूपेंद्र साहू ने क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ नेह-भोज किया तथा उन्हें पौष्टिक आहार और ताजे फलों का वितरण किया। बच्चों के साथ समय बिताकर उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए फल एवं बिस्कुट वितरित किए। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना की।

जन्मदिवस के अवसर पर एडवेंचर खो-खो क्लब के लगभग 150 बालक-बालिकाओं को पेन, कॉपी और बिस्कुट वितरित किए गए। वहीं क्लब के समर्पित खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं सम्मान स्वरूप टी-शर्ट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर रूपेंद्र (राजू) साहू ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने का भी श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें सदैव सेवा, सहयोग, परोपकार और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति मिले।
उन्होंने सभी शुभचिंतकों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा मिले स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज में सेवा और मानवता की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।






