जामगांव आर । दीपावली मिलन समारोह का आयोजन सायरबाई दगड़ीचंद चौरड़िया भवन जामगांव आर में मंगलवार 10 नवंबर को हुआ, जिसमें परिवार के लगभग 80 सदस्य शामिल हुए। चौरड़िया परिवार जामगांव आर, बटरेल, सुरपा और ओदरगहन में से चयनित स्थान पर दीपावली और होली मिलन समारोह प्रतिवर्ष मनाता आ रहा है। यह परिवार अन्य परिवारों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

मिलन समारोह में 4 पीढ़ी के 1 वर्ष से 85 वर्ष तक के सदस्यों ने भाग लिया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बेटा, बहू और नाती ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व जनपद सदस्य हस्तीमल चौरड़िया और पूनमचंद चौरड़िया सहित 8 माह के बच्चे भी शामिल हुए।
एकल परिवार में परेशानी होती है अधिक
भखारा राल जैन समाज अध्यक्ष गौतम चंद चौरड़िया ने कहा कि संयुक्त परिवार संस्कार का और एकल परिवार परेशानी का खजाना है। स्वार्थ के वशीभूत होकर लोगों को एकल परिवार अच्छा लगने लगा है। संस्कार के अभाव में व्यवहार दूसरों के लिए पीड़ादायी बनता है, जो कर्मों का बंध कराता है और भव-भव भटकने का द्वार खोलता है।


आधुनिकता के फेर में संस्कार से मुंह न मोड़ें
वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद चौरड़िया ने कहा कि आधुनिक बनने के फेर में संस्कार से मुंह न मोड़ें। संस्कार ही मान-सम्मान की आधारशिला है। सम्मान देने वालों को ही सम्मान मिलता है। माता-पिता और गुरु के चरणों में वंदन कर उनका पूरा सम्मान करना चाहिए।






