सिंचाई नहर पार को समतल कर बनाया जा रहा अवैध रास्ता, शासकीय जमीन का उपयोग, पाटन ब्लॉक के ग्राम मोतीपुर का मामला

बलराम यादव 9893363894
पाटन । पाटन क्षेत्र के मोतीपुर गांव में अवैध प्लाटिंग का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां प्लाटिंग करने वालों द्वारा शासकीय जमीन का खुलकर दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर में खेत को समतल कर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। इस दौरान जमीन पर खंभे भी गाड़ दिए गए हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यहां स्थायी निर्माण की तैयारी की जा रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि सिंचाई नहर पार को समतल कर उस पर मिट्टी बिछाकर सड़क जैसा रास्ता तैयार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह नहर पार को पाटना न केवल अवैध है, बल्कि भविष्य में सिंचाई व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकता है। इसके बावजूद सिंचाई विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग के किनारे, स्कूल के पीछे अतिक्रमण कर प्लाटिंग का काम तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि राजस्व विभाग और सिंचाई विभाग कब जागते हैं और इस अवैध गतिविधि पर लगाम लगाते हैं।