बेमेतरा।साजा थाना क्षेत्र के ग्राम घोटवानी में शुक्रवार को पुलिस ने हत्या के एक मामले में छह दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। जमीनी विवाद के चलते छह अप्रैल को बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की गई थी।
डीएसपी कौशिल्या साहू ने बताया कि आरोपी जीवन वर्मा ने छह अप्रैल की सुबह मृतक अशोक निर्मलकर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ साजा थाना में 103 (1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस के लगातार प्रयास से आरोपी जीवन वर्मा को पकड़ा गया, जिससे पूछताछ करने पर पता चला कि उसका और मृतक अशोक निर्मलकर का घर एक दूसरे से लगा हुआ है।

चार-पांच वर्ष पहले इसके व मृतक अशोक निर्मलकर के बीच जमीन व मकान को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी इसी बात को लेकर रंजिश रखता था। वारदात के दिन छह अप्रैल की सुबह करीब छह बजे दोनों के बीच में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी जीवन वर्मा ने अपने पास रखे कुल्हाड़ी से अशोक निर्मलकर के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई।
इस मामले में आरोपी जीवन वर्मा पिता डेरहा वर्मा (49) निवासी घोटवानी थाना साजा जिला बेमेतरा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने से विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को बेमेतरा एसएसपी ने नगद राशि इनाम दिए जाने की घोषणा की है।