ओवरलोड धान से भरे ट्रक ने तीन बिजली खंभों को तोड़ा, गांव की बिजली गुल, पाटन ब्लॉक के इस गांव में टल है बड़ी दुर्घटना

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम घुंघवा (ज) में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब धान से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली खंभों को तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। घटना में तीन बिजली खंभे टूट गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG 09 JC 8528 घुंघवा से धान भरकर रायपुर की ओर जा रहा था। जमराव धान सोसाइटी के पास ओवरलोड होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली खंभों को ठोकर मारते हुए निकल गया। हादसे में लगातार तीन बिजली खंभे जमीन पर गिर गए।

घटना के दौरान आसपास के घरों की बिजली लाइन भी प्रभावित हो गई, जिससे कई घरों में अंधेरा छा गया। हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था बहाल करने का काम शुरू किया। वहीं ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग करते हुए नाराजगी जताई है।