नेशनल हाईवे 30 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, नरहरपुर कांकेर के युवक की मौत

फरसगांव। नेशनल हाईवे-30 पर फरसगांव और बोरगांव के बीच गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भैरव मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह लगभग 11:00 बजे की है। राहगीरों ने भैरव मोड़ के पास एक युवक को उसकी मोटरसाइकिल समेत लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। तत्काल इसकी सूचना फरसगांव थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दस्तावेजों से हुई पहचान
पुलिस को युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से एक बैंक पासबुक मिली। इसके आधार पर मृतक की शिनाख्त गजेंद्र नेताम, निवासी नरहरपुर (जिला कांकेर) के रूप में की गई है। पुलिस ने तत्काल शिनाख्त के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद शोक संतप्त परिजन फरसगांव थाने पहुंचे।

अज्ञात वाहन की तलाश जारी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस का अनुमान है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में लिया और मौके से फरार हो गया।”शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पतासाजी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।