अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंडा, चिंगरी, अछोटी, भरदा, कुथरेल, जंजगिरी, विनायकपुर, आमटी, आलबरस, निकुम, खाडा, रूदा, थनौद, खपरी, गनियारी, बोरई, चंदखुरी, कोलिहापुरी, भानपुरी सहित अन्य जगह एवं आसपास के क्षेत्रों, अंडा बिजली ऑफिस और कमरछठ क्षेत्र में माताओं ने संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य एवं सुखी जीवन की कामना के साथ कमरछठ (हलषष्ठी) का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर अंडा निवासी पुजारी महेंद्र पाण्डेय ने
महिलाओं से विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए निर्जला उपवास रखा। मान्यता के अनुसार यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई हलधर भगवान बलराम (दाऊ भैया) को समर्पित है।

कमरछठ पर्व पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तालाब के प्रतीक स्वरूप जमीन पर ‘सगरी’ तैयार की। सगरी में छह प्रकार के खिलौने रखकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की गई। इसके साथ ही महिलाओं ने पार्थिव शिवलिंग एवं षष्ठी माता की पूजा-अर्चना कर अपनी संतानों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।

पूजा के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कमरछठ का पर्व मनाया।






