अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंडा स्थित आबादी पारा और अंडा क्षेत्र से लगे अछोटी, कुथरेल, ओटेबंद, सिरसिदा, विनायकपुर, आलबरस, निकुम, भोथली, ओडारसकरी, खप्परवाडा, डगनिया, गुरेदा, जंजगिरी, चंदखुरी, अंजोरा सहित अन्य जगह भी शुक्रवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए दिनभर उपवास रखा तथा विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूजा स्थल पर पहुंचीं। महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा करते हुए रक्षा सूत्र बांधा और सावित्री-सत्यवान की कथा श्रवण की। पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान से अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
इस अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग की सामग्री जैसे चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, नारियल और फल भेंट कर शुभकामनाएं दीं। आबादी पारा में पूरे दिन धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री व्रत भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे हर वर्ष बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। व्रत और पूजा के माध्यम से महिलाएं अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करती हैं।
पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता से आबादी पारा का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।







