तिरगा में आंगन मिलन कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

अण्डा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम तिरगा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संतुलित एवं प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में महिला मोर्चा महामंत्री भू भारती, जनपद सदस्य दामिनी साहू, उपसरपंच सुखित राम ढीमर एवं पंच शिव प्रसाद देशमुख टिकेश्वर देशमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए। घनश्याम देशमुख, महेश बेलचंदन एवं रमेश देशमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मिस्टी तिवारी की सरस्वती वंदना से हुआ। महिला मोर्चा महामंत्री भू भारती ने कहा कि आंगन मिलन जैसे कार्यक्रमों से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत, उपसरपंच, पंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

दुर्ग ग्रामीण परियोजना अधिकारी उषा झा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों को लेकर जागरूक किया और उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी। गीतांजलि भेसारे एवं अंजोरा परिक्षेत्र की पर्यवेक्षक ने भी अपने विचार रखते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास के लिए संतुलित पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल को जरूरी बताया। इस दौरान प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।

एएनएम दिनेश्वरी देशमुख ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा समय-समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां के स्वास्थ्य का सीधा असर बच्चे के विकास पर पड़ता है, इसलिए परिवार को गर्भवती महिला के खान-पान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आरएचओ प्रेमीन देवांगन ने भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं नियमित देखभाल के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में तिरगा के तीनों आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ झोला एवं भोथली की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। तिरगा से टूमेश्वरी बेलचंदन, नेहा तिवारी एवं नेहा ठाकुर, झोला से तारिणी देशमुख एवं शतरूपा मंडवी तथा भोथली से अर्चना निषाद शामिल रहीं। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का सम्मान किया गया।

देवकी देशमुख एवं भारती बोमले ने पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर संतुलित आहार की जानकारी दी। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं स्वस्थ बच्चों का सम्मान किया गया।

आरएचओ प्रेमीन देवांगन ने न्योता भोज के तहत 48 बच्चों को भोजन कराया। बच्चों को पुरस्कार स्वरूप पानी के डिब्बे अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। बच्चों ने आंगनवाड़ी में आने-जाने से जुड़ी कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।

कार्यक्रम में मटकी फोड़, कुर्सी दौड़ एवं मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। मटका फोड़ में द्रोपती देशमुख, कुर्सी दौड़ में दामिनी साहू एवं रेणु देशमुख तथा मेहंदी प्रतियोगिता में भारती बोमले एवं कामेश्वरी देशमुख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

महतारी वंदन योजना की लाभार्थी निशा यादव ने योजना से मिले सहयोग को लेकर अपना अनुभव साझा किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों को स्वास्थ्य, पोषण, बाल विवाह रोकथाम एवं महिला-बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।