गैस संकट पर फूटा गुस्सा: सैकड़ों उपभोक्ताओं ने किया चक्काजाम, सड़क पर लंबी कतारें, पाटन ब्लॉक के ग्राम करसा का मामला


पाटन। करसा क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर एक बार फिर उपभोक्ताओं का आक्रोश सड़क पर नजर आया। मंगलवार सुबह से ही सैकड़ों लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे, लेकिन गैस नहीं मिलने पर उनका गुस्सा भड़क उठा। नाराज उपभोक्ताओं ने भिलाई-3 घुंघवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि शताक्षी गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली से लोग काफी समय से परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पहले ही पैसे ले लेती है, लेकिन तय दिन पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जाती। इसी समस्या को लेकर लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए।
गौरतलब है कि करीब पखवाड़े भर पहले भी इसी मुद्दे को लेकर उपभोक्ताओं ने चक्काजाम किया था। उस दौरान पुलिस को काफी मशक्कत के बाद रास्ता खाली कराना पड़ा था।