गभरा में वार्षिक उत्सव धूमधाम से हुआ सम्पन्न,बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति


पाटन। ग्राम पंचायत गभरा में वार्षिक उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में जनपद अध्यक्ष ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के माध्यम से ही हम एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि पाटन क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, नृत्य, गीत एवं नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि ने सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जनपद अध्यक्ष ने विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जो भी आवश्यक सहयोग होगा, जनपद पंचायत पाटन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।