शासकीय पुरन चंद कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल तर्रा का वार्षिक उत्सव, बच्चो ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति, प्रतिभाओं का किया सम्मान


पाटन। शासकीय पुरण चंद हायर सेकेंडरी स्कूल तर्रा में वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा रौशनी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। स्वागत उद्बोधन शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रज्जू सोनी ने दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग की सभापति नीलम चंद्राकर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हर्षा चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य प्रणव शर्मा, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकमनी चंद्राकर, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, सरपंच विपिन चंद्राकर, पूर्व सरपंच भूषण चंद्राकर, राकेश चंद्राकर, सत्यानारायण चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वागत उद्बोधन में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रज्जू सोनी ने कहा कि विद्यालय का वार्षिक उत्सव स्कूल की प्रगति की कहानी बताता है। यह पूरे वर्ष के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने का अवसर होता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की दीवारों पर बच्चों द्वारा स्वयं पेंटिंग की गई है तथा स्वागत हेतु गुलदस्ते भी विद्यार्थियों द्वारा ही तैयार किए जाते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं की ओर अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके निराकरण की मांग की।
कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों के साथ-साथ आसपास के स्कूलों के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
शाला प्रबंधन समिति द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।