डंगनिया स्कूल में हुआ वार्षिकोत्सव “उमंग ” का आयोजन


पाटन।
शासकीय प्राथमिक शाला डंगनिया विकास खण्ड पाटन में वार्षिकोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम “उमंग” का आयोजन किया गया। कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया साथ ही विद्यालय की पूर्व छात्राओं ने भी संयुक्त रूप से रंगारंग, मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खम्हरिया (ड) के उपसरपंच अनिल कुमार वर्मा और अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूजा वर्मा ने की, विशेष अतिथि पंचगण लक्ष्मी निषाद, लता वर्मा, उदासा यादव थे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रधान पाठक आर.के.घोरमोड़े ने इस अवसर पर वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किये। 18 की दर्ज संख्या होते हुए भी वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से पूरे जोश और “उमंग ” के साथ 25 से भी अधिक रंगारंग मनमोहक प्रस्तुतियां दी। नये और पुराने हिंदी गीतों के साथ छत्तीसगढ़ी गीतों पर प्रस्तुतियां दी गई। छत्तीसगढ़ी सुआ नृत्य, राऊत नाचा, पंथी नृत्य, गौरी गौरा नृत्य और देशभक्ति गीतों पर नृत्य ने दर्शकों को जहां झूमने पर मजबूर कर दिया वहीं मोबाइल एक अभिशाप तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर प्रस्तुत नाटक ने सोचने पर विवस कर दिया, वहीं दहेज प्रथा पर प्रस्तुत मार्मिक नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों को रुला भी दिया। सभी दर्शकों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की प्रशंसा की। इस अवसर पर वर्ष भर की विभिन्न गतिविधियों में शामिल विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकगण एवं ग्राम डंगनिया के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।