फिर टूटा स्टेट हाइवे का मिडिल कट, दुर्घटना में बाइक सवार घायल; पहले भी एक की हो चुकी है मौत, शॉर्टकट बनाने के लिए लोहे के मिडिल कट को बार-बार तोड़ा जा रहा , पाटन रोड का मामला


पाटन: दुर्ग-पाटन स्टेट हाईवे पर ग्राम सेलूद से गौड़ पेंडरी के मध्य मशरूम उत्पादन केंद्र के पास बने मिडिल कट को लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बंद किया गया था, लेकिन खदान संचालकों के द्वारा शॉर्टकट रास्ता बनाने के लिए इस मिडिल कट को बार-बार तोड़ दिया जा रहा है। इससे इस स्थान पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
बता दें कि इस स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। वहीं, बुधवार दोपहर को करीब एक कॉलेज का छात्र इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गया। मिडिल कट पर अचानक बड़े वाहन आ जाते हैं, जिससे तेज रफ्तार में चल रहे वाहन चालक अनियंत्रित हो जाते हैं।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जो मिडिल कट (डिवाइडर) बनाए गए थे, उन्हें लोहे के गार्डर लगाकर बंद किया गया है। लेकिन, कहीं-कहीं पर मिडिल कट को तोड़कर रास्ता बनाया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाएं होने लगी हैं।
गौड़ पेंडरी में मशरूम उत्पादन केंद्र के पास मिडिल कट को दो-तीन बार बनाया गया और उसे कुछ लोगों द्वारा फिर से तोड़ दिया गया। कल ही की घटना है, दोपहर को मिडिल कट पर अचानक एक भारी वाहन आ गया जो हाईवे क्रॉस कर रहा था, वहीं सड़क पर तेज रफ्तार से चल रहा बाइक सवार सीधे ट्रक से जा टकराया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मिडिल कट को तोड़े जाने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं; सड़क सुरक्षा की दृष्टि से इसे स्थायी रूप से बंद किया जाना उपयोगी होगा।