गोड़पेंडरी में एक और सड़क दुर्घटना, मुरूम के कारण फिसली बाइक, सौ मीटर की दूरी में यह आज दूसरी घटना


पाटन। गोड़पेंडरी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामले में एक बाइक सवार युवक डिवाइडर से टकरा गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर बिखरे मुरूम की वजह से बाइक स्लिप हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पाटन से दुर्ग की ओर जा रहा था, तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में युवक को मामूली चोटें आई हैं।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर कुछ देर पहले ही एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले मुरूम और लापरवाही के चलते हादसे हो रहे हैं। प्रशासन से जल्द ही सड़क की स्थिति सुधारने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है।