पाटन। गोड़पेडरी में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात एक बड़ी लारी (ट्रक) सड़क किनारे लगे बिजली पोल को तोड़ते हुए निकल गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब छह माह पहले भी एक हाइवा वाहन ने इसी स्थान पर बिजली पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया था। उस समय से यहां बिजली आपूर्ति बंद है। लोगों का कहना है कि यदि बिजली लाइन चालू रहती तो इस हादसे में बड़ा नुकसान हो सकता था।
बताया जा रहा है कि मशरूम उत्पादन केंद्र के सामने स्थित यह स्थान लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बन गया है। दो माह पहले भी इसी स्थान से कुछ दूरी आगे सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले यहां स्टेट हाईवे पर मिडिल कट बनाया गया था, लेकिन बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने उसे बंद कर दिया। इसके बावजूद खदान की ओर से आने वाले बड़े वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। कई वाहन चालक कुछ दूरी आगे बने वैध मिडिल कट का उपयोग करने के बजाय विपरीत दिशा से वाहन मोड़ देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां यातायात व्यवस्था सुधारने, चेतावनी संकेत लगाने और भारी वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






