पाटन में फिर सड़क दुर्घटना: स्कूल से लौट रहे भाई-बहन को हाइवा ने मारी ठोकर


पाटन।
पाटन क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सेलूद स्वास्थ्य केंद्र के पास का है, जहां स्कूल से घर लौट रहे भाई-बहन को एक अज्ञात हाइवा ने ठोकर मार दी। हादसे में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चे साइकिल से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल छात्र का इलाज सेलूद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक छात्र के सिर में चोट आई है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं बहन को हल्की चोटें आई हैं।