अनुपमा फेम टीवी एक्टर ऋतुराज सिंह का निधन:59 की उम्र में आया हार्टअटैक, अरशद वारसी बोले-हमने कमाल का एक्टर खो दिया

सोशल मीडिया…
फेमस टीवी एक्टर ऋतुराज सिंह का निधन हो गया है। 59 साल के ऋतुराज को बीती रात हार्ट अटैक आया। वो पैनक्रियाज से रिलेटेड बीमारी से जूझ रहे थे और हॉस्पिटल में एडमिट थे।

ऋतुराज के निधन की खबर उनके करीबी दोस्त एक्टर अमित बहल ने कन्फर्म की है। अमित ने कहा, ‘हां, दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया है। वो कुछ दिनों पहले ही पैनक्रियाज ट्रीटमेंट के लिए हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे। इसके बाद वो जब घर लौटे तब उन्हें कुछ कार्डियक इश्यूज हुए जिसके बाद उनका निधन हो गया।’

अरशद वारसी ने ट्वीट कर जताया दुख
ऋतुराज के निधन पर बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने ट्वीट कर दुख जताया है। अरशद ने बताया कि वो और ऋतुराज एक ही बिल्डिंग में रहते थे। एक्टर ने लिखा, ‘ऋतुराज के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। हम एक ही बिल्डिंग में रहते थे। वो बतौर प्रोड्यूसर मेरी पहली फिल्म का हिस्सा थे। एक अच्छे दोस्त और कमाल के एक्टर काे खो दिया… आपको याद करूंगा भाई…।’

आखिरी बार ‘अनुपमा’ में नजर आए थे ऋतुराज
ऋतुराज ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1989 में रिलीज हुई एक टेली फिल्म से की थी। इसके बाद उन्होंने मशहूर टीवी शो ‘तोल मोल के बोल’ होस्ट किया। इसके अलावा वो ‘ज्योति’, ‘CID’, ‘अदालत’, ‘दिया और बाती हम’ समेत कई टीवी शोज में नजर आए। उनका आखिरी टीवी शो रूपाली गांगुली स्टारर ‘अनुपमा’ था। इसमें वो यशपाल के रोल में नजर आए थे।

टीवी के अलावा ऋतुराज ने ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘सत्यमेव जयते 2’ और ‘यारियां’ जैसी फिल्मों में और ‘क्रिमिनल जस्टिस’, ‘बंदिश बैंडिट्स’ और ‘मेड इन हेवन’ जैसे वेब शोज में भी काम किया।