पाटन।
नगर पंचायत पाटन के कार्यालय सभाकक्ष में आज दिनांक 25 मार्च 2026, दिन बुधवार को दोपहर 12 बजे शासन के निर्देशानुसार दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। यह कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे एवं शासन द्वारा स्वीकृत सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिससे हितग्राहियों को पारदर्शी एवं त्वरित लाभ सुनिश्चित हो सके।
नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 04 की पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने क्षेत्र के समस्त पात्र हितग्राहियों एवं नागरिकों से आत्मीय अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पाटन आमजन के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए सतत प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।







