नगरी/सिहावा,बेलरगांव।सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्षरत विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम के अथक प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा धमतरी जिले के केरेंगांव–गट्टासिल्ली मार्ग पर सेन्दूर नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 9 करोड़ 60 लाख 20 हजार रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह स्वीकृति क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। विधायक अंबिका मरकाम ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृत कराने के लिए लगातार शासन एवं विभागीय स्तर पर विशेष पहल करते हुए लगातार पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप आज यह बहुप्रतीक्षित स्वीकृति प्राप्त हो सकी है।
गौरतलब है कि केरेंगांव–गट्टासिल्ली मार्ग सिहावा विधानसभा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बरसात के मौसम में सेन्दूर नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण आवागमन प्रभावित होता था, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण के बाद यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक अंबिका मरकाम ने अपने कार्यकाल में सिहावा विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कराए हैं। उन्होंने हमेशा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखा और विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
श्रीमती मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा के समग्र विकास के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केवल एक पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक अंबिका मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सिहावा विधानसभा विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। लगातार मिल रही विकास परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि विधायक मरकाम क्षेत्र की जनता के हितों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं।
यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण होने के बाद सिहावा विधानसभा के अनेक गांवों को वर्षभर निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।






