पाटन में अनुपचारित जल प्रबन्धन के लिए मिला 04 करोड़ 23 लाख की स्वीकृति, सिकोला नाला के पास बनेगा वृहद प्रोजेक्ट

पाटन।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत नगर पंचायत पाटन को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा गठित राज्य स्तरीय तकनीकी समिति (SLTC) की 11वीं बैठक में लिए गए निर्णय तथा राज्य शासन के पूर्व आदेश के अनुक्रम में अनुपचारित जल प्रबंधन (UWM) घटक के तहत नगर पंचायत पाटन के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस योजना के तहत इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन ड्रेन सहित एसटीपी का निर्माण किया जाएगा तथा आगामी 5 वर्षों तक इसके संचालन एवं संधारण का कार्य भी किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। जानकारी के अनुसार, सिकोला नाला के पास वृहद स्तर पर इस निर्माण कार्य को कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रदूषण पर नियंत्रण होगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले एवं पार्षदों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री, केंद्रीय नगरीय प्रशासन मंत्री, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया है।