वरिष्ठता सूची और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर सहायक शिक्षक फेडरेशन ने जेडी दुर्ग को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग, 19 जून 2026। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख के नेतृत्व में संयुक्त संचालक (जेडी) के. व्ही. राव से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की वरिष्ठता सूची का जल्द प्रकाशन, पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी, मिडिल स्कूल प्रधानाध्यापक पदों पर रुकी पदोन्नति शुरू करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक शिक्षकों को नियमानुसार अनुमति देने तथा टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में आवश्यक प्रविष्टि दर्ज करने की मांग प्रमुखता से रखी।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इन मामलों के लंबित रहने से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए विभाग को शीघ्र कार्रवाई कर शिक्षकों को राहत प्रदान करनी चाहिए।

संयुक्त संचालक के. व्ही. राव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख, दुर्ग जिलाध्यक्ष कृष्णा वर्मा, खैरागढ़ जिलाध्यक्ष रामलाल साहू, छुईखदान ब्लॉक अध्यक्ष टीका देशमुख, दुर्ग ब्लॉक अध्यक्ष सतीश चंद्राकर, धमधा ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम ठाकुर सहित राहुल सोनटेके, आलोक नायक, चेमन साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, सुधीर नायक, तारण धुर्वे, हब्बू कंवर, तोरण साहू एवं संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।