पाटन। ग्राम मटंग में ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “अटल डिजिटल सेवा केंद्र” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम सरपंच अमित हिरवानी ने पूजा-अर्चना कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शुभारंभ अवसर पर सरपंच अमित हिरवानी ने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से अब ग्रामवासियों को विभिन्न शासकीय एवं ऑनलाइन सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर या जनपद कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र में आधार संबंधित कार्य, पैन कार्ड आवेदन, विभिन्न प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन प्रक्रिया, बिजली-पानी बिल भुगतान, बैंकिंग सुविधा, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों एवं बुजुर्गों को काफी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पंचगणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल सेवा केंद्र गांव के विकास में अहम भूमिका निभाएगा और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
ग्रामीणों ने भी ग्राम में इस सुविधा के प्रारंभ होने पर खुशी जाहिर की और उम्मीद जताई कि इससे डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ग्राम के विकास और प्रगति के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।







